वादा कर भूल जाना कांग्रेस का पुराना चरित्रः मनोज सिन्हा

 

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कांग्रेस अध्यक्ष पर किसानों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को बेवकूफ बनाना राहुल गांधी की फितरत है। भाजपा मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिन्हा ने कहा कि हाल ही में हुए (राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़) विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था लेकिन कांग्रेस पार्टी ने किसानों के साथ सिर्फ और सिर्फ छल करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि नारा देकर वोट लेना कांग्रेस पार्टी का चरित्र रहा है और वोट मिलने के बाद वो सब भूल जाते हैं।

सिन्हा ने कहा कि कर्नाटक में जिन लोगों ने कर्ज नहीं लिया उनका कर्ज माफी की सूची में नाम है। राज्य में कर्जदार किसानों की गिरफ्तारी के भी मामले सामने आए हैं। वहीं, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पंजाब में किसानों का तो नहीं लेकिन कांग्रेस के नेताओं के कर्ज माफ हुए हैं। उन्होंने कहा कि हकीकत में कांग्रेस ने कर्जमाफी को मजाक बना दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में हैं और वहां से वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान में डुंगरपुर के कई गांवों में किसानों के कर्ज माफ करने की सूची जारी की गई है जिसमें कांग्रेस नेताओं और उनके करीबियों के नाम हैं। जबकि मध्य प्रदेश में जो सूची जारी हुई हैं उसमें उन लोगों के नाम हैं जिन पर 93 रुपए, 13 रुपए तक की राशि के कर्ज थे। सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को चाहिए कि वह राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में किसानों से किए वादे को पूरा कर के दिखाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *