कोविड-19: देश में संक्रमितों की संख्या 1,98,706 हुई और मृतकों की संख्या 5,598 पहुंची

नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 8,171 नए मामले सामने आने के बाद मंगलवार को कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,98,706 हो गई। वहीं इस खतरनाक वायरस से 204 और लोगों की मौत के साथ ही देश में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 5,598 हो गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अभी 97,581 मरीजों का इलाज चल रहा है और अब तक 95,526 संक्रमित लोग स्वस्थ हो चुके हैं और एक व्यक्ति देश से बाहर जा चुका है।

मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि करीब 48.07 फीसदी मरीज स्वस्थ हुए हैं। सोमवार सुबह से अब तक 204 लोगों की मौत हुई है जिनमें से सबसे ज्यादा 76 मौतें महाराष्ट्र में हुई। इसके बाद दिल्ली में 50, गुजरात में 25, तमिलनाडु में 11 लोगों की मौत हुई। पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में आठ-आठ लोगों की मौत हुई। इसके अलावा तेलंगाना में छह, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में चार-चार तथा बिहार और जम्मू-कश्मीर में तीन-तीन, आंध्र प्रदेश में दो और हरियाणा, कर्नाटक, केरल और उत्तराखंड में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

महाराष्ट्र में अब तक 2,362 लोगों की मौत हो चुकी है और यह राज्य मृतकों की सूची में शीर्ष पर है। इसके बाद गुजरात में 1,063, दिल्ली में 523, मध्य प्रदेश में 358 और पश्चिम बंगाल में 335 लोगों की मौत हुई। उत्तर प्रदेश में अब तक 217 लोगों की मौत हुई है। राजस्थान में 198, तमिलनाडु में 184, तेलंगाना में 88, आंध्र प्रदेश में 64, कर्नाटक में 52, पंजाब में 45, जम्मू-कश्मीर में 31 और बिहार में 24 लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में 21, केरल में 10 और ओडिशा में सात लोगों की मौत इस खतरनाक वायरस से हो चुकी है। उत्तराखंड में छह और हिमाचल प्रदेश तथा झारखंड में पांच-पांच, चंडीगढ़ और असम में चार-चार, मेघालय और छत्तीसगढ़ में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं मृतकों में 70 फीसदी ऐसे लोग हैं जो पहले से ही अन्य बीमारियों के शिकार थे।

देश में सबसे ज्यादा 70,013 लोग महाराष्ट्र में संक्रमित हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 23,495, दिल्ली में 20,834 और गुजरात में 17,200 लोग संक्रमित हैं। वहीं राजस्थान में 8,980, मध्य प्रदेश में 8,283 और उत्तर प्रदेश में 8,075 लोग संक्रमित हैं। पश्चिम बंगाल में 5,772, बिहार में 3,926, आंध्र प्रदेश में 3,783, कर्नाटक में 3,408, तेलंगाना में 2,792, जम्मू-कश्मीर में 2,601, हरियाणा में 2,356 और पंजाब में 2,301 मामले सामने आए हैं। ओडिशा में अब तक 2,104, असम में 1,390, केरल में 1,326, उत्तराखंड में 958, झारखंड में 659, छत्तीसगढ़ में 547 और त्रिपुरा में 420 मामले हैं। हिमाचल प्रदेश में 340, चंडीगढ़ में 294, मणिपुर में 83 मामले हैं।

लद्दाख में 77, पुडुचेरी में 74, गोवा में 71, नगालैंड में 43, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 33, मेघालय में 27, अरुणाचल प्रदेश में 22 मामले हैं। दादर-नगर हवेली में तीन मामले हैं जबकि मिजोरम और सिक्किम में एक-एक मामले सामने आए हैं। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के साथ आंकड़ों का मिलान किया जा रहा है और राज्यवार आंकड़ें मिलान और पुष्टि का विषय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *