भारत में कोरोना होगा सात लाख पार !

नई दिल्ली। देश में एक दिन में कोविड-19 के 24,248 मामले सामने आए जिसके बाद सोमवार को भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण के कुल मामलों की संख्या सात लाख के निकट पहुंच गई। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार कोविड-19 से 425 और लोगों की मौत होने के बाद इस महामारी से मरने वालों की संख्या 19,693 हो गई है। देश में लगातार चौथे दिन कोरोना वायरस के संक्रमण के बीस हजार से अधिक मामले सामने आए हैं।

भारत रविवार को रूस को पीछे छोड़ते हुए कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित होने वाला तीसरा देश बन गया। संक्रमण के कुल मामलों में अब केवल अमेरिका और ब्राजील ही भारत से आगे हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सोमवार की सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार एक दिन में कोविड-19 के 24,248 मामले सामने आए जिसके बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 6,97,413 हो गई।

आंकड़ों के अनुसार अब तक देश में कोविड-19 के 4,24,432 मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं और 2,53,287 मरीजों का इलाज चल रहा है। मंत्रालय ने कहा, “अब तक 60.85 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके हैं।” कोरोना वायरस के कुल मामलों में वे विदेशी भी शामिल हैं जिनकी भारत में की गई जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईसीएमआर) के अनुसार पांच जुलाई तक देश में 99,69,662 नमूनों की जांच की जा चुकी थी। इनमें से 1,80,596 नमूनों की जांच रविवार को की गई।

विश्वभर से कोविड-19 पर आंकड़े एकत्रित कर रहे अमेरिका के जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय के अनुसार महामारी से होने वाली मौतों की संख्या के मामले में भारत विश्व में आठवें स्थान पर है। पिछले चौबीस घंटे में कोविड-19 से हुई 425 मौत में से 151 मरीजों की मौत महाराष्ट्र में हुई। इसके साथ ही दिल्ली में 63, तमिलनाडु में 60, कर्नाटक में 37, पश्चिम बंगाल में 21, गुजरात में 18, आंध्र प्रदेश में 14, उत्तर प्रदेश में 12, मध्य प्रदेश में दस, राजस्थान में नौ, तेलंगाना में सात, बिहार में छह, जम्मू कश्मीर और हरियाणा में पांच-पांच, पंजाब, झारखंड और ओडिशा में दो-दो और गोवा में एक मरीज की मौत हुई। अब तक कोविड-19 से हुई कुल 19,693 मौत में से महाराष्ट्र में सर्वाधिक 8,822 मरीजों की मौत हुई। दिल्ली में अब तक कोविड-19 के 3,067 मरीजों की मौत हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *