बुराडी में कांग्रेस को झटका, राजवीर शामिल हुए आम आदमी पार्टी में

नई दिल्ली। लाख जतन करने के बाद भी दिल्ली में कांग्रेस के दिन बहुरते नहीं दिख रहे हैं। कांगे्रस संगठन से जुडे लोग दूसरे दलो की ओर रूख कर रहे हैं। ताजा घटना बुराडी विधानसभा की है, जहां विधायक संजीव झा के कामों से प्रभावित होकर कांग्रेस नेता राजवीर सिंह ने अपने सैकडों समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। आम आदमी पार्टी मुख्यालय में विधायक संजीव झा और आप नेता दुर्गेश पाठक ने इन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर विधायक संजीव झा और आप नेता दुर्गेश पाठक ने सभी लोगों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में हो रहे विकास कार्यों को बताया। दोनों नेताओं ने कहा कि यह हमारी पार्टी का जनता के प्रति स्वीकारोक्ति है कि लगातार हमारा परिवार बढ रहा है।

अपनी सदस्यता के अवसर पर राजवीर सिंह ने कहा कि हमने बुराडी क्षेत्र में बीते दशक से लगातार कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में काम किया। पार्टी ने जब जो कहा, उसका पालन किया। लेकिन, हाल के दिनों में जिस प्रकार से पार्टी नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है, वह अब सहन नहीं होता है। बीते छह सालों से मैंने विधायक संजीव झा के कार्यों को करीब से देखा है। जनता के प्रति जो इनकी कर्तव्यपरायणता है, जनसेवा के प्रति उत्कंठा है, उससे मैं और हमारा परिवार पूरा प्रभावित हुआ। हमने हाल के दिनों में विधायक जी से आप में शामिल होने की बात कही। मुझे खुशी है कि आज हमारी इच्छाओं को सम्मान मिला। पार्टी की ओर से जो भी हमें जिम्मेदारी दी जाएगी, हर तरह से मैं उसका सम्मान करूंगा।

बता दें कि आम आदमी पार्टी की नीतियों व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यों से प्रभावित होकर राजवीर सिंह (पूर्व महासचिव, करावल नगर – कांग्रेस), पुष्पेंद्र श्रीवास्तव (पूर्व प्रवक्ता, दिल्ली प्रदेश – कांग्रेस), जे.पी. मौर्या (उपनिदेशक दिल्ली जल बोर्ड – सेवानिवृत्त) व अन्य पदाधिकारी नगर निगम प्रभारी दुर्गेश पाठक जी की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *