त्योहारों के खिलाफ फरमान जारी करना ठीक नहीं : अखिलेश


लखनऊ । समाजवादी पार्टी(सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा देश त्योहारों का देश है। खुशी मनाने वाला देश है। यहां के लोग इतने अच्छे हैं जो मिलता है उसे अपना लेते हैं। त्योहारों के खिलाफ फरमान जारी करना ठीक नहीं है। अखिलेश यादव अलीगढ़ में हिन्दू जागरण मंच द्वारा स्कूल और कॉलेज में क्रिसमस मनाने के विरोध में लिखे गए पत्र पर जवाब दे रहे थे। कहा कि ऐसे फरमान देश की संस्कृति और परम्परा को तोड़ने वाले हैं।
पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा, “हमारे देश के लोग इतने अच्छे हैं, इसे जो भी त्योहार मिल जाए उसे अपना लेते हैं। एक दूसरे से प्यार करने वाला देश है। एक-दूसरे के त्योहार में उसके घर जाकर मिठाई खाने वाला देश है। हमारे यहां तो क्रिसमस मनाते हैं। देखिएगा हजरतगंज में कैसा क्रिसमस मनाया जाता है। हम भी मनाते हैं। क्रिसमस नहीं मनेगा तो टीवी पर कैसे दिखेगा?”
गौरतलब है कि अलीगढ़ में हिंदू जागरण मंच ने सोमवार को कान्वेंट स्कूलों को पत्र जारी करते हुए कहा है कि हिंदू छात्र और छात्राओं पर ईसाई धर्म के कार्यक्रम को जबरन नहीं थोपा जाना चाहिए। पत्र में कहा गया है कि इसे चेतावनी या सुझाव जो भी समझना हो समझ लें। अभी इसका विरोध यहीं हुआ। यह बड़े स्तर पर पूरे प्रदेश में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *