नयी दिल्ली| केन्द्र ने उत्तर प्रदेश के कासगंज में भड़की साम्द्रायिक हिंसा के बारे में राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है। इस हिंसा में एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गयी थी। गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार केन्द्र ने कासगंज में हिंसा की घटनाओं को गंभीरता से लिया है और मंत्रालय ने इस प्रकरण के बारे में उत्तर प्रदेश सरकार से विस्तार से रिपोर्ट मांगी है। उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर कासगंज में निकाली गयी तिरंगा यात्रा के दौरान हुई साम्प्रदायिक हिंसा में एक युवक चन्दन गुप्ता की मृत्यु हो गयी थी और एक व्यक्ति घायल हो गया था। उत्तर प्रदेश सरकार उन परिस्थिततियों की जांच कर रही है जिनके कारण यह घटना हुई। सरकार ने मृतक के परिजनों को 20 लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। राज्यपाल राम नाइक ने भी घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे राज्य के लिए कलंक करार दिया था। राज्य पुलिस स्थिति सामान्य बनाने की कोशिश कर रही है और प्रभावित क्षेत्रों में गश्त लगायी जा रही है। दोनों समुदायों के जिम्मेदार लोगों से सम्पर्क बनाया जा रहा है और प्रमुख लोगों से क्षेत्रों में शांति बनाये रखने की अपील करवायी जा रही है।