हर रक्षा सौदे में कांग्रेस ने अपने डील को दी तरजीह: अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली। लोकसभा में राफेल युद्धक विमान सौदे पर चर्चा में भाग लेते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर रक्षा सौदे को लेकर झूठ और भ्रामक प्रचार का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दल कांग्रेस हर डील को अपनी डील के हिसाब से तय करती है। लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) अनुराग ठाकुर ने सदन में राफेल पर नियम 193 के तहत चर्चा को आगे बढ़ाते हुए कहा कि हमेशा से कांग्रेस का एजेंडा देश के पैसे से अपनी जेब भरने का रहा है। आजादी के तुरंत बाद इंग्लैंड से 3 हजार जीपों के सौदे का मामला हो या फिर बोफोर्स से लेकर सबमरीन और वीवीआईपी हेलीकॉप्टर अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले की बात हो, हर मामले में कांग्रेस पार्टी के हाथ दलाली से रंगे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड केस में बेल पर छूटे लोग राफेल पर अलग-अलग आंकड़े पेश कर, तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर देश को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष अपने ही आंकड़ों को लेकर कन्फ्यूज हैं| कभी राफेल की कीमत 520 करोड़, कभी 540 करोड़, कभी 526 करोड़ तो कभी 560 करोड़ रुपये बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए देश सर्वोपरि है| हम राष्ट्रीय सुरक्षा, अस्मिता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कांग्रेस ने कमीशन के लालच में राफेल सौदे को वर्षों तक लटकाए रखा और सेना को कमजोर करने का प्रयास किया गया। भाजपा सदस्य ने कहा कि सेना को मजबूत करने के लिए और देश हित को ध्यान में रखकर मोदी सरकार ने राफेल सौदे की सारी अड़चनें दूर कर राफेल विमान की खरीद सुनिश्चित की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *