कांग्रेस की योजना सशस्त्र बलों की शक्तियों को कम करने, मध्यम वर्ग की रीढ़ तोड़ने की : मोदी

सुंदरगढ़/ सोनपुर (ओडिशा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि पूर्व की सरकारों में सीमा पार करने और आतंकवादियों को मारने का साहस नहीं था। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘चौकीदार’’ ने पाकिस्तान में आतंकवादियों की शरणगाह पर हमला करने की हिम्मत दिखाई जबकि कांग्रेस सशस्त्र बलों की शक्तियों को कम करना चाहती है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर गरीबी को हमेशा से राजनीतिक हथियार के तौर पर प्रयोग करने का आरोप लगाया और कहा कि गरीबी हटाने का सबसे अच्छा तरीका पार्टी को ही हटा देना है।

ओडिशा में विधानसभा चुनाव आम चुनाव के साथ होने हैं। यहां चुनाव चार चरणों – 11, 18, 23 और 29 अप्रैल को होने हैं। मोदी ने बीजद सरकार पर भी हमला बोला और उस पर विकास के लिए “सही नीति एवं सही नीयत” के अभाव का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से राज्य में दो इंजन के माध्यम से तेजी से विकास के लिए भाजपा सरकार को चुनने की अपील की। प्रधानमंत्री ने पश्चिमी ओडिशा में सुंदरगढ़ एवं सोनपुर में चुनावी रैलियां की जहां विधानसभा एवं लोकसभा के लिए एक साथ 18 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होने हैं।

लोकसभा की 21 सीटों के साथ ओडिशा मौजूदा संसदीय चुनाव में काफी अहमियत रखता है। मोदी राज्य में अधिकतम सीटों को जीतने के लिए स्वयं भगवा पार्टी की अगुवाई कर रहे हैं। राज्य में 2014 के चुनावों में भाजपा को सुंदरगढ़ की केवल एक सीट मिली थी जबकि बीजद ने अन्य 20 पर कब्जा किया था। भाजपा ओडिशा में बीजद के 19 साल के शासन को खत्म कर सत्ता हासिल करने का प्रयास कर रही है और कई मौकों पर भगवा पार्टी के नेताओं ने ओडिशा में त्रिपुरा दोहराने की बात कही है। कांग्रेस पर जमकर बरसते हुए मोदी ने पार्टी पर गरीबी को राजनीति के हथियार के तौर पर प्रयोग करने और अपने घोषणापत्र में प्रस्तावित योजनाओं के जरिए ज्यादा कर का बोझ देकर देश के मध्यम वर्ग की रीढ़ तोड़ने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया।

मोदी ने कहा, “मैं आपको गरीबों के लिए बनी सहायता को लूटने के कांग्रेस के एक और षड्यंत्र के बारे में बताना चाहता हूं। कांग्रेस ऐसी नीतियों को लागू करना चाहती है जो जन वितरण प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध होने वाले चावल एवं गेहूं समेत अनिवार्य वस्तुओं की कीमतें दोगुनी कर देंगी।” मोदी ने कहा, “कर का बोझ देकर मध्यम वर्ग की रीढ़ की हड्डी तोड़ना क्या देश के लिए अच्छा होगा।” उन्होंने कहा, “कांग्रेस हमेशा से गरीबी को बड़ा हथियार बनाकर राजनीतिक लाभ लेती आई है। गरीबी तब तक नहीं हटेगी जब तक कांग्रेस का अस्तित्व है।”

मोदी ने “कांग्रेस हटाओ’ का नारा देते हुए कहा कि कांग्रेस को अगर हटा दिया जाए तो गरीबी अपने आप खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कई पीढ़ियों तक गरीबी उन्मूलन के केवल नारे देती आई है लेकिन इसे सुनिश्चित करने के लिए कभी कदम नहीं उठाए। मोदी ने कहा कि गरीब और गरीब होता चला गया और उनके नेता एवं मंत्री अमीर होते गए। कांग्रेस के साथ-साथ बीजद ने राजनीति के लिए गरीबी का इस्तेमाल किया और इसी वजह से देश का बड़ा हिस्सा तथा ओडिशा दशकों तक अथाह गरीबी में रहा।

मोदी ने कहा कि परिणामस्वरूप माओवादी स्थिति का लाभ उठा रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “चौकीदार आतंवादियों से लड़ रहा है जबकि कांग्रेस सशस्त्र बलों की शक्तियों को कम करने का काम कर रही है।” वह सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) कानून की समीक्षा करने की कांग्रेस की योजना का स्पष्ट तौर पर संदर्भ दे रहे थे। मोदी ने बालाकोट हवाई हमलों का संदर्भ देते हुए कहा, ‘‘पहले भी सरकारें रही हैं लेकिन वे कभी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करने के बारे में नहीं सोच सकीं। उनमें विमानों से सीमा पार करने और आतंकवादियों को मारने की हिम्मत नहीं थी।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस उन लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है जो आतंकवादियों और माओवादियों को शरण देते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को यह फैसला लेना होगा कि वे सब के विकास के लिए प्रतिबद्ध ईमानदार और उच्च सिद्धांतों वाली सरकार चुनना चाहते हैं या फिर भ्रष्ट और सिद्धांतविहीन सरकार।

 

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस बार ओडिशा में कमल खिलेगा। भाजपा जीत हासिल करेगी। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि राज्य में अधिकतम संख्या में कमल खिलेगा।’’ भाजपा के 39वें स्थापना दिवस पर मोदी ने कहा, ‘‘पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के पसीने से जन्मी है ना कि वंशवाद या पैसों से। अपने कार्यकर्ताओं के पसीने और मेहनत से यह अस्तित्व में आई और कई गुना बढ़ी।’’ उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, जगन्नाथराव जोशी, राजमाता सिंधिया और मुरली मनोहर जोशी जैसे दिग्गजों ने भाजपा का मार्गदर्शन किया है। मोदी ने कहा, “मैं भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं। भाजपा विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है। हम अब कांग्रेस एवं उससे जन्मी अन्य पार्टियों के लिए मजबूत विकल्प हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *