नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों के साथ हुई हिंसा के बाद केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से डॉक्टरों को सुरक्षित महौल मुहैया कराने की मांग की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने शनिवार को सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर डॉक्टरों को उचित सुरक्षा प्रदान करने के लिए कहा है। उन्होंने मुख्यमंत्रियों से अनुरोध किया है कि डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई करें।
डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि डॉक्टर मरीज की हर संभव सेवा कर अपने धर्म का पालन करता है। ऐसे में उसको सुरक्षित महौल देना जरूरी है, तभी वह ठीक तरीके से अपना काम कर सकेगा। उन्होंने मुख्यमंत्रियों से आवाहन किया है कि अपने- अपने राज्यों में डॉक्टरों को सुरक्षित माहौल देने को लिए काम करें। ऐसे में अगर कोई भी व्यक्ति डॉक्टरों पर हमला करता है तो उसके खिलाफ राज्य सरकार कार्रवाई करे।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों के साथ हुई हिंसा के मुद्दे पर आज इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के प्रतिनिधिमंडल ने भी केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन से मुलाकात कर बंगाल में डॉक्टरों के साथ हो रही हिंसा से अवगत कराया और कहा कि अगर डॉक्टरों को न्याय नहीं मिला तो डॉक्टर देशव्यापी हड़ताल करने को मजबूर होंगे।