निगम अधिकारी से मिलकर विभय झा ने रखीं अपनी बात

 

मधुबनी। मिथिला क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। बारिश को लेकर राज्य सरकार ने जो हाई अलर्ट जारी किया है, उसमें मधुबनी और दरभंगा भी है। स्वयंसेवी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह भाजपा नेता विभय कुमार झा ने लगातार हो रही बारिश और मधुबनी में जल जमाव को लेकर नगर पालिका परिषद के कार्यपालक अधिकारी आशुतोष आनंद चौधरी से मुलाकात की। मधुबनी परिसदन में करीब घंटे भर की मुलाकात में कई विषयों पर चर्चा हुई। अभ्युदय के अध्यक्ष विभय कुमार झा ने अपनी चिंताओं से निगम अधिकारी को अवगत कराया।

विभय कुमार झा ने कहा कि जिस तरह से लगातार बारिश हो रही है, उससे मधुबनी शहर में कई जगह भारी जल जमाव हो रहा है। नालियों की स्थिति भी चिंताजनक है। स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं से हमें अवगत कराया है। नगर पालिका परिषद के क्षेत्र में रहने वालों के साथ साथ ग्रामीणों के सामने भी कई प्रकार की समस्याएं हैं। लोगों को बाढ की चिंता सता रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बारिश हो रही है, बाढ की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। कई नदियों का जलस्तर बढ गया है। पोखरा तालाब आदि उफान पर है। ऐसे में कभी भी बाढ आ जाएगी। हमने इसी चिंता को लेकर बिहार सरकार के आपदा मंत्री लक्ष्मेश्वर राय से भी मुलाकात की थी। मिथिला की समस्याओं को लेकर उन्हें भी अवगत करा चुके हैं।

भाजपा नेता विभय कुमार झा ने कहा कि अभ्युदय ने अपनी चिंता से नगर पालिका परिषद के कार्यपालक अधिकारी आशुतोष आनंद चौधरी को अवगत कराया है। उन्होंने विभागीय तैयारी के बारे में बताया है। हमने उनसे आग्रह किया है कि जनहित में यथासमय उचित कदम उठाएं जाएं। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। विभय कुमार झा ने कहा कि हमारी संस्था हम परिस्थिति में जनता के बीच और जनता के साथ काम करने को तैयार है। बारिश और बाढ के लिए हमने कार्ययोजना बना रखी है। हमारे साथी लगातार लोगों के संपर्क में है। एक सवाल के जवाब में विभय कुमार झा ने कहा कि राज्य सरकार अपने स्तर पर कार्य कर रही है। एक सामाजिक संस्था से जुडे होने के कारण हमारा भी दायित्व है कि हम अपने लोगों की चिंता करें। अभी कोरोना से लोग पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। ऐसे में बाढ की विभीषिका का सामना करना आसान नहीं होगा। सरकार के साथ मिलकर सामाजिक संस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ काम करने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *