डॉ. हर्षवर्धन ने वैक्सीन के बारे में हिचकिचाहट और गलत जानकारी को समाप्त करने के लिए आईईसी अभियान की शुरूआत की

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने आज देश की जनसंख्या के कुछ वर्गों में वैक्सीन के बारे में हिचकिचाहट के उभरते मुद्दों के समाधान के लिए आई ई सी पोस्टरों का अनावरण किया। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री, श्री अश्विनी कुमार चौबे और नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य), डॉ. वी.के. पॉल भी मौजूद थे।

कोविड-19 के खिलाफ दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान 16 जनवरी 2021 को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया था।

21 जनवरी 2021 को सुबह 7 बजे तक 8 लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मचारियों का टीकाकरण किया जा चुका है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सभी को देश की उपलब्धियों को याद दिलाया। भारत दुनिया में दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला देश है। उन्होंने कहा, “भारत कुछ देशों में से एक है जिन्होंने कोविड-19 के बढते प्रभाव पर रोक लगाने में सफलता प्राप्त की है और साथ ही कोविड का एक टीका भी विकसित किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का उनके कुशल नेतृत्व के लिए धन्यवाद, जिन्होंने देश को महामारी से छुटकारा दिलाने के लिए विशेष और व्यक्तिगत ध्यान दिया।” डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि देश में इस समय उपचार करा रहे मरीज़ो की संख्या में लगातार गिरावट दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि कल लगभग 15,000 दैनिक नए कोविड रोगी सामने आए।

बीमारियों के उन्मूलन में टीकाकरण की भूमिका के बारे में बताते हुए डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, “पोलियो और चेचक के उन्मूलन को बड़े पैमाने पर टीकाकरण द्वारा संभव बनाया गया था। एक बार प्रतिरक्षित होने के बाद, न केवल वह व्यक्ति इस बीमारी से लड़ने में सक्षम होता है, बल्कि वह इस बीमारी को दूसरों तक पहुंचाने से भी रोकने में समर्थ होता है और इस प्रकार वह समाज के लिये बड़े सामाजिक लाभ को पहुंचाने में भी सफल रहता है। मिशन इन्द्रधनुष के तहत बारह बीमारियों के खिलाफ महिलाओं और बच्चों के बड़े पैमाने पर टीकाकरण का उपक्रम शुरू किया गया था। इसी तरह कोविड ​​के खिलाफ टीकाकरण व्यक्तियों को रोग फैलाने से रोकने में समर्थ बना देगा और कुछ समय बाद इस बीमारी को देश से समाप्त कर देगा। ”

डॉ. हर्षवर्धन ने सभी लोगो से निहित स्वार्थ के लिये असत्य और गलत सूचनाओं को फैलाने के अभियानों का मुकाबला करने का आग्रह किया। उन्होने ज़ोर देकर कहा, “हमें इन झूठी बातों पर रोक लगानी होगी”, उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य मंत्रालय, पत्र और सूचना कार्यालय-पीआईबी, सूचना और प्रसारण मंत्रालय, माई गॉव वेबसाइट आदि जैसे विश्वसनीय और प्रामाणिक स्रोतों से सही जानकारी प्राप्त करने की अपील की। ​​उन्होंने दोहराया कि “सत्य शक्तिशाली है और उसकी हमेशा जीत होगी”। उन्होंने सभी को सच्चाई की जीत के लिये ख़ुशी से आई ई सी पोस्टर साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया।

श्री अश्विनी कुमार चौबे ने टीकाकरण अभियान को कोविड के खिलाफ ‘अंतिम प्रहार’ बताते हुए कहा, “कोविड महामारी के अंत की शुरूआत के लिये 16 जनवरी एक ऐतिहासिक महत्व वाला दिन है। भारत ने जल्द से जल्द टीके उपलब्ध कराने की दिशा में एक क्रांतिकारी निर्णय लिया है। ” उन्होंने सभी से अविश्वास के अभियानों का पालन न करने और सही जानकारी साझा कर सभी की मदद करने के लिये अपील की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *