पाक गोलीबारी में जवान शहीद

जम्मू। सीमा पर पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम के उल्लंघन का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को पाकिस्तानी सैनिकों की भारी गोलाबारी से एक जवान शहीद हो गए और दो नागरिकों की मौत हो गई। पाकिस्तान की फौज ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के सांबा, कठुआ, नौशेरा और राजौरी जिलों में सीमावर्ती चौकियों और गांवों पर भारी गोलाबारी की। इस फायरिंग में सेना का एक जवान शहीद हो गया और एक महिला सहित दो नागरिकों की मौत हो गई।
सीमा पर गोलाबारी में दो जवानों सहित कुल 14 लोग घायल हुए हैं। भारतीय सेना पाकिस्तान की गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार पाकिस्तान ने जम्मू क्षेत्र के तीन सीमावर्ती जिलों में सीमा की अग्रिम चौकियों और गांवों पर भारी गोलाबारी की। गोलीबारी रामगढ़ की चेलारियन चौकी पर तैनात सीमा सुरक्षा बल का एक जवान हवलदार जगवीर सिंह भी घायल हो गया था। जवान को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। अधिकारी के अनुसार अभी तक आरएस पुरा और अरनिया में दो नागरिकों की मौत की जानकारी मिली है जबकि सेना के दो जवान और 12 आम नागरिक घायल हो गए। रामगढ़ की नांगला और मल्लू चाक पर सेना के दो जवान घायल हुए हैं। एक अधिकारी ने कहा- पाकिस्तान ने शुक्रवार की सुबह जम्मू के अरनिया, आरएस पुरा सेक्टर में भारी गोलाबारी की और सांभा सेक्टर के रामगढ़ और कठुआ सेक्टर के हीरानगर गांव को भी निशाना बनाया।
इससे पहले जम्मू में बीएसएफ के उप महानिदेशक केके शर्मा ने गुरुवार को कहा था कि सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण है और युद्ध जैसे हालात हैं। पाकिस्तान की गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब देने का आदेश सेना को दिया गया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *