मुंबई में मूसलधार बारिश से जनजीवन ठप हो गया है। सड़कों पर जलभराव, यातायात बाधित और ट्रेन सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई हैं। IMD ने मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और अगले घंटों में और तेज बारिश की संभावना जताई है। ताज़ा अपडेट और मौसम पूर्वानुमान यहां पढ़ें।

मुंबई (महाराष्ट्र): मंगलवार को हुई मूसलधार बारिश ने मुंबई और उसके आस-पास के जिलों को पूरी तरह से ठप कर दिया। भारी जलभराव और बाढ़ जैसे हालात के चलते छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से ठाणे तक की लोकल ट्रेन सेवाएं तथा हार्बर लाइन पर कुर्ला से CSMT तक की सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई हैं। फिलहाल केवल ठाणे–कर्जत, खोपोली और कसारा मार्गों पर शटल सेवाएं चलाई जा रही हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए अगले तीन घंटों में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी दी है। इसी कारण मुंबई और आसपास के जिलों में स्कूल, कॉलेज, सरकारी और नगर निगम कार्यालय बंद रखे गए हैं।
राहत-बचाव में सेना और NDRF तैनात
बाढ़ और जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और भारतीय सेना की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। कई इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है। नांदेड़ जिले समेत कई प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
किसानों की फसलों को भारी नुकसान
लगातार हो रही बारिश से पूरे महाराष्ट्र में लगभग 10 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि पर बोए गए खरीफ फसलें पानी में डूब गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
यातायात पूरी तरह प्रभावित
मुंबई ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शहर के कई प्रमुख इलाकों जैसे—गुलालवाड़ी, सेवरी, नागपाड़ा, नवाब टैंक, मराठा मंदिर, भायखला, बावला कंपाउंड, भोईवाड़ा, वडाला स्टेशन, हिंदमाता जंक्शन और माटुंगा—में जलभराव की वजह से यातायात बुरी तरह प्रभावित है। कई जगह गाड़ियों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।